इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में वापसी करते हुए 24 रन से जीत दर्ज की। विश्व चैम्पियन इंग्लैंड से मिले 232 रनों के लक्ष्य में एक समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 30 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 143 रन था। यहां से टीम की जीत आसान नजर आ रही थी लेकिन बाद में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने टीम की वापसी करवा दी। इस मैच में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने एक ऐसी गेंद फेंकी जिसने बल्लेबाज ही नहीं बल्कि दुनियाभर के खिलाड़ियों और फैंस को भी चौंका दिया। आर्चर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसे देखकर ऐसा लग रहा है कि इस गेंद को दुनिया का कोई बल्लेबाज नहीं खेल पाता।
जोफ्रा आर्चर ने ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस को इस मैच में जबरदस्त तरीके से आउट किया। उन्होंने स्टोइनिस की छाती पर जबरदस्त बाउंसर गेंद डाली, जिसको वो खेल नहीं सके और विकेटकीपर को कैच देकर आउट हो गए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैन्स आर्चर की काफी तारीफ कर रहे हैं।
इस मैच में स्टोइनिस को बैटिंग ऑर्डर में तीसरे नंबर पर भेजा गया था। उन्होंने 14 गेंदों में एक छक्के की मदद से 9 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इस मैच में कप्तान आरोन फिंच, मार्नस लाबुशेन और विकेटकीपर एलेक्स कैरी को छोड़कर कोई अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सका। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों में क्रिस वोक्स ने 32, जोफ्रा आर्चर ने 34 और सैम कुरैन ने 35 रन देकर तीन तीन विकेट लिए जबकि एक विकेट स्पिनर आदिल राशिद को मिला।
इस जीत के साथ ही मेजबान इंग्लैंड की इस सीरीज में वापसी हो गई है और अब सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला भी इसी मैदान पर बुधवार 16 सितम्बर को खेला जाएगा। अगर ऑस्ट्रेलिया अगला मैच जीतने में सफल हो जाता है तो वो इंग्लैंड के खिलाफ पांच साल में पहली वनडे सीरीज जीतेगा। टीम ने आखिरी बार साल 2015 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीती थी।

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.