ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर एडम जांपा को चुनौती स्वीकार करना पसंद है और वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2020) के आगामी सत्र में रॉयल चैलेंजर बैंगलोर (आरसीबी) का प्रतिनिधित्व करते हुए आखिरी ओवरों की गेंदबाजी में महारथ हासिल करना चाहते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में जांपा आखिरी ओवरों में दमदार गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। इससे पहले राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स (पूर्व फ्रेंचाइजी) के लिए आईपीएल के दो सत्र में खेल चुके जांपा ने कहा, ''मुझे वास्तव में आखिरी ओवरों में गेंदबाजी करना पसंद है। मुझे खासतौर पर वैसी चुनौतियां पसंद है, जहां से मैच का रुख किसी भी तरफ मुड़ सकता है।''
उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैच का जिक्र करते हुए कहा, ''उन्हें आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 18 रन चाहिए थे और मैंने कप्तान आरोन फिंच से कहा कि मुझे गेंदबाजी करनी चाहिए। जाहिर है यह योजना के मुताबिक सफल नहीं रहा, लेकिन मैं अपनी सोच नहीं बदलूंगा।''
उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक वेबसाइट से कहा, ''मुझे आईपीएल में आरसीबी में चहल के साथ गेंदबाजी का अच्छा मौका मिलेगा। जिस तरह की हमारी टीम है मुझे आखिरी ओवरों में गेंदबाजी का मौका मिल सकता है।''
एडम जांपा के लिए हालांकि प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना मुश्किल होगा, क्योंकि टीम में चहल के अलावा वाशिंगटन सुंदर और पवन नेगी और इंग्लैंड के हरफनमौला मोईन अली भी हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे एक अन्य लेग स्पिनर के साथ गेंदबाजी करना पसंद है। चहल के साथ गेंदबाजी का मौका मिलना अच्छा रहेगा। हम एक-दूसरे से सीख सकते हैं।''

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.