भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने कोलकाता में अपने लिए अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक हसीन जहां ने सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल कर अपनी और अपनी बेटी के लिए सुरक्षा मांगी है।
इस याचिका में जहां ने कथित तौर पर आरोप लगाया है कि 9 अगस्त को उन्होंने पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई थी उसके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जहां ने कहा था कि राम मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के बाद उन्हें धमकियां मिल रही हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में की थी। हाईकोर्ट में अगले सप्ताह केस की सुनवाई हो सकती है।
दरअसल हसीन जहां ने पांच अगस्त को सोशल मीडिया पर राम मंदिर भूमि पूजन के लिए एक बधाई संदेश पोस्ट किया था, जिसके बाद उन्हें जान से मारने और रेप करने की धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद हसीन जहां ने इस मामले में 9 अगस्त को लालबाजार मुख्यालय में कोलकाता पुलिस साइबर अपराध विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
हसीन जहां ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था- "अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के लिए सभी हिंदुओं को बधाई।" उनकी इस पोस्ट पर पर बहुत से यूजर्स ने अभद्र कमेंट किए थे। इसके साथ ही उन्हें सोशल मीडिया पर भी रेप और मर्डर की धमकियां दी थी।
हसीन जहां ने अपनी शिकायत में लिखा था, ''यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए हमारे हिंदू भाइयों और बहनों को बधाई देने के बाद कुछ मतलबी लोगों द्वारा मुझे लगातार परेशान किया गया और मेरे साथ दुर्व्यवहार किया गया। कुछ लोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी और इसके साथ ही रेप और छेड़छाड़ की भी धमकियां दीं।''
उन्होंने आगे लिखा, ''इस तरह की स्थिति में मैं खुद को असहाय महसूस कर रही हैं। इसी के साथ मुझे अपनी बेटी के भविष्य को लेकर भी काफी चिंता है। इंस्टाग्राम, फेसबुक, ट्विटर जैसे तमाम सोशल मीडिया के जरिए लगातार हो रहे हमलों ने मुझे विचलित कर दिया है। कृपया मेरी मदद करें, क्योंकि मैं हर पल असुरक्षित महसूस कर रही हूं। अगर यह सब लगातार चलता रहा तो मैं मानसिक रूप से डिप्रेस हो जाऊंगी।''

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.