भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली को आधुनिक क्रिकेट का बेस्ट बल्लेबाज माना जाता है। दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने विराट कोहली से अपने पहले एन्काउंटर को याद करते हुए कहा कि पहली मुलाकात में उन्हें अहसास हो गया था कि विराट स्टार बनेंगे। हरभजन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2020) से अपना नाम कुछ निजी कारणों से वापस ले लिया है।
हरभजन सिंह ने 2008 के आईपीएल के एक मैच को (मुंबई इंडियंस बनाम रायल चैलेंजर्स बैंगलोर) याद किया, जिसमें विराट कोहली ने सनथ जयसूर्या की गेंद पर छक्का मारा था। उन्होंने कहा, ''मैंने विराट का नाम आईपीएल नीलामी से पहले लालचंद राजपूत से सुना था। यह आईपीएल मुकाबला था। मैं मुंबई इंडियंस का कप्तान था और सचिन पाजी बाहर बैठे थे। विराट कोहली ने क्रीज से बाहर आकर जयसूर्या की गेंद पर छक्का लगाया।''
हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स के शो 'आईपीएल मेमोरी' में कहा, ''वह इस बात से भयभीत नहीं थे कि जयसूर्या जैसे कद का खिलाड़ी उन्हें गेंदबाजी कर रहा है। इस बात से मुझे अहसास हुआ कि यह भविष्य का स्टार है।''
इरफान पठान ने भी विराट कोहली के बारे में कहा, ''जब भी मैंने विराट को आईपीएल में खेलते देखा। मैंने उन्हें खेल का लुत्फ उठाते देखा, मैदान में भी और बाहर भी। लेकिन क्रिकेट को वह कभी हाशिये पर नहीं रखते। कोहली के साथ अच्छी बात यह है कि उनका फोकस हमेशा क्रिकेट रहता है। यही वजह है कि वह दुनिया के बेस्ट क्रिकेटर हैं।''
बता दें कि विराट कोहली के नेतृत्व में आरसीबी की नजर अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने पर होगी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2020) का आगाज 19 सितंबर से हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। कोरोना वायरस महामारी की वजह से इस साल यह टूर्नामेंट यूएई में खेला जा रहा है और फाइनल मैच 10 नवंबर को होगा।

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.