भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अभी तक घरेलू सत्र को शुरू करने की तारीखें घोषित नहीं कर पाया है लेकिन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेससीए) अपनी टी-20 लीग-झारखंड प्रीमियर लीग को इस साल 15 सितम्बर से लॉन्च कर सकता है। क्रिकइंफो के अनुसार जेससीए से संबद्ध कई क्रिकेटरों को उनके चयन के बारे में सूचित किया गया है और इसके पंजीकरण के लिए उन्हें फॉर्म भेजे गए हैं। उन्हें साथ ही रांची में जेससीए के इंटरनेशनल स्टेडियम में रिपोर्ट करने को कहा गया है और उन्हें कोविड-19 टेस्टिंग को लेकर निर्देश भी दिए गए हैं। समझा जाता है कि इस स्टेडियम में टूर्नामेंट का आयोजन होगा।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि टूर्नामेंट को बीसीसीआई की मंजूरी प्राप्त है या नहीं। हालांकि खिलाड़ियों को जो पत्र भेजे गए हैं वे जेससीए के आधिकारिक लैटर हैड पर हैं जिससे यह प्रतीत होता है कि टूर्नामेंट बीसीसीआई से सम्बद्ध है। बीसीसीआई ने देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण अभी तक घरेलू सत्र घोषित नहीं किया है और यह माना जा रहा है कि इस बार घरेलू सत्र काफी छोटा होगा। देश में मार्च से ही किसी भी तरह की क्रिकेट का कोई आयोजन नहीं हुआ है और 29 मार्च से शुरू होने वाला आईपीएल इस बार 19 सितम्बर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तीन शहरों में होने जा रहा है और इसका फाइनल 10 नवम्बर को होगा।
झारखंड प्रीमियर लीग का आयोजन झारखंड के नामी खिलाड़ियों महेंद्र सिंह धोनी, ईशान किशन, शाहबाज नदीम और वरुण आरोन के बिना होगा जो आईपीएल में हिस्सा लेने के लिए यूएई में हैं। झारखंड प्रीमियर लीग में छह टीमें होंगी जो झारखंड के छह जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी और यह लीग 33 दिनों तक चलेगी। जेससीए के अनुसार ये छह टीमें रांची राइडर्स, दुमका डेयरडेविल्स, धनबाद डायनामोस, सिंघभूम स्ट्राइकर्स, जमशेदपुर जगलर्स और बोकारो ब्लास्टर्स हैं।
झारखंड राज्य के जेससीए से पंजीकृत खिलाड़ी ही इस लीग में हिस्सा ले पाएंगे और टूर्नामेंट में लगभग 100 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में टीम फ्रैंचाइजी या टीम मालिक नहीं होंगे। टूर्नामेंट का आयोजन स्टेडियम में जैव सुरक्षा वातावरण में होगा और खिलाड़ियों को कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट जमा कराने के बाद ही जैव सुरक्षा वातावरण में प्रवेश की अनुमति होगी। टूर्नामेंट में कोरोना से सम्बंधित आईसीसी के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.