चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए अच्छी खबर है। ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने दुबई में टीम को ज्वाइन कर लिया है। वे अब तक कैरिबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) खेलने में व्यस्त थे, जहां वे ट्रिनबागो नाइट टीम का हिस्सा थे। इसी टीम ने इस साल का सीपीएल खिताब अपने नाम किया है। अब सीपीएल खत्म होने के बाद वहां के जो भी खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा है, अपनी-अपनी टीम को ज्वाइन कर रहे हैं। जैसे ही सीपीएल खत्म हुआ ब्रावो ने एक प्राइवेट जेट के जरिए यूएई के लिए उड़ान भरी।
रविवार को यूएई पहुंचे ब्रावो को उनकी टीम ने 'चैम्पियन वेलकम' दिया। चेन्नई सुपरकिंग्स ने ब्रावो के यूएई पहुंचने पर उनका एक वीडियो क्लिप शेयर किया है। सीएसके ने ड्वेन ब्रावो को अपनी टीम में बनाए रखने के लिए आईपीएल 2018 की नीलामी में राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का इस्तेमाल किया था। नियम के मुताबिक ब्रावो 6 दिनों तक आइसोलेशन में रहेंगे। इस अवधि में उनका तीन बार कोरोना टेस्ट किया जाएगा और अगर सभी टेस्ट निगेटिव तभी वे मैदान पर टीम के साथ नजर आ सकते हैं।
गौरतलब है कि लंबे इंतजार के बाद 6 सितंबर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का कार्यक्रम जारी कर दिया गया और परंपरा के अनुसार मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियन्स 19 सितंबर को अबुधाबी में पहले मैच में पिछले साल के उप विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स से भिड़ेगा। भारत में कोविड-19 के मामलों के बढ़ने के कारण विश्व की सबसे बड़ी टी20 लीग का आयोजन इस साल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तीन स्थानों दुबई, अबुधाबी और शारजाह में किया जा रहा है।
टूर्नामेंट के उदघाटन मैच के बाद अगले दिन दुबई में दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब आमने सामने होंगे, जबकि 21 सितंबर को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मैच होगा। शारजाह में पहला मैच 22 सितंबर को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा।
बीसीसीआई की विज्ञप्ति के अनुसार कुल दस दिन दो-दो मैच खेले जाएंगे। इनमें पहला मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट से, जबकि दूसरा मैच शाम सात बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। दुबई कुल 24 मैचों की मेजबानी करेगा। अबुधाबी में 20 और शारजाह में 12 मैच खेले जाएंगे। आईपीएल 2020 के प्लेऑफ के स्थानों की घोषणा बाद में की जाएगी। फाइनल 10 नवंबर को होगा। यह टूर्नामेंट कुल 53 दिन तक चलेगा और इस तरह से यह आईपीएल के इतिहास में सबसे लंबा चलने वाला सत्र बन जाएगा।

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.