इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) शुरू होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय बाकी रह गया है। टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें जोर-शोर से तैयारियां कर रही हैं। इसके अलावा टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दिग्गज क्रिकेटर्स आईपीएल टीमों के प्लेइंग इलेवन काे भी चुन रहे हैं। हाल ही में टूर्नामेंट के पहले मैच के लिए दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन चुनने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अब केएल राहुल की कप्तानी में किंग्स इलेवन पंजाब की संभावित प्लेइंग XI चुनी है।
आकाश चोपड़ा ने इस टीम में हैरानी भरा फैसला लेते हुए दुनिया के सबसे खतरनाक टी-20 बल्लेबाज में से एक क्रिस गेल को नहीं चुना है। यह इसलिए भी चौंकाने वाला फैसला है क्योंकि वो गेल ही हैं जिनके नाम आईपीएल की सर्वश्रेष्ठ पारी(175 रन) दर्ज है। यहीं नहीं इस बार गेल के पास टी-20 फॉर्मेट में 1000 छक्कों का आंकड़ा छूने का बेहतरीन मौका रहेगा। यह एक रिकॉर्ड है जो शायद ही कोई तोड़ सके। आईपीएल में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड गेल के नाम ही दर्ज है। आईपीएल में 326 छक्के लगाने वाले गेल टी20 फॉर्मेट में कुल 978 छक्के लगा चुके हैं और अगर वो आईपीएल के आने वाले सीजन में 22 छक्के और लगा लेते हैं, तो उनके नाम 1000 टी-20 छक्के दर्ज हो जाएंगे।
आकाश ने किंग्स इलेवन पंजाब की इस टीम में सलामी बल्लेबाज के तौर पर कप्तान केएल राहुल और मयंक अग्रवाल को चुना है। तीसरे नंबर पर उन्होंने दो खिलाड़ियों का विकल्प दिया। इसमें करुण नायर और मंदीप सिंह का नाम शामिल है। मिडिल ऑर्डर में आकाश ने निकोलस पूरन, ग्लेन मैक्सवेल, सरफराज खान को चुना। इसके अलावा लॉअर ऑर्डर में कृष्णन गौथम और क्रिस जोर्डन को शामिल किया। गेंदबाजी की बात की जाए तो टीम में जोर्डन के अलावा, मोहम्मद शमी हैं जबकि स्पिन विभाग में यह जिम्मेदारी मुजीब उर रहमान और रवि विश्नोई संभालेंगे।
आकाश चोपड़ा की संभावित किंग्स इलेवन पंजाब की टीम- केएल राहुल(कप्तान), मयंक अग्रवाल, करुण नायर/मंदीप सिंह, निकोलस पूरन, ग्लेन मैक्सवेल, सरफराज खान, कृष्णन गौथम, क्रिस जॉर्डन, मुजीब उर रहमान, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी।
आईपीएल शेड्यूल के अनुसार, केएल राहुल की कप्तानी वाली किंग्स इलेवन पंजाब की टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 20 सितम्बर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। यह मैच रात 7.30 बजे से खेला जाएगा।। सभी टीमों को लीग राउंड के दौरान एक-दूसरे से दो मैच खेलने होंगे, ऐसे में सभी टीमें कुल 14 मैच खेलेंगी।
किंग्स इलेवन पंजाब की पूरी टीम- केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, निकोलस पूरन, ग्लेन मैक्सवेल, जेम्स नीशम, क्रिस जॉर्डन, मोहम्मद शमी, मुजीब जादरान, शेल्डन कॉट्रेल, हार्डस विलजोन, दर्शन नलकंडे, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, मंदीप सिंह, सरफराज खान, के गौतम, जे सुचित, रवि बिश्नोई, दीपक हुड्डा, तजिंदर ढिल्लों, प्रभसिमरन सिंह और मुरुगन अश्विन।

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.