कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) समाप्त होने के बाद वेस्ट इंडीज के खिलाड़ियों का आईपीएल के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। आईपीएल के 13वें सत्र का आयोजन 19 सितम्बर से 10 नवम्बर तक यूएई में होना है। सीपीएल का 10 सितम्बर को समापन हुआ था। मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड शनिवार को तथा कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल और टीम के स्पिन गेंदबाज सुनील नारायण, दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज कीमो पॉल और बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर रविवार को यूएई पहुंच गए।
ये पांचों खिलाड़ी सीपीएल में खेलने के कारण अब तक टीम से नहीं जुड़ सके थे। लेकिन सीपीएल खत्म होने के बाद विंडीज के ये खिलाड़ी यूएई पहुंच गए। पोलार्ड, रसेल, नारायण, हेटमायर और पॉल को नियमानुसार छह दिनों तक क्वारंटाइन में रहना होगा और क्वारंटाइन पीरियड पूरा होने के बाद ये खिलाड़ी अपनी-अपनी टीम से जुड़ पाएंगे। पॉल और हेटमायर पिछले सत्र में पहली बार आईपीएल में खेले थे। हेटमायर आईपीएल के 12वें सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेले थे। पॉल ने 2019 के सत्र में दिल्ली के लिए खेलते हुए आठ मैचों में नौ विकेट झटके थे जबकि हेटमायर ने पांच मुकाबले खेले और 90 रन बनाए थे।
इससे पहले शनिवार को मुंबई इंडियंस के विस्फोटक ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड भी यूएई पहुंचे थे। पोलार्ड ने आईपीएल के 148 मैचों में 146.77 के स्ट्राइक रेट से 2755 रन बनाए हैं और 56 विकेट झटके हैं। पोलार्ड आईपीएल में अब तक 176 छक्के उड़ा चुके हैं और सर्वाधिक छक्के उड़ाने के मामले में आठवें नंबर पर हैं। उन्होंने आईपीएल में 14 अर्धशतक बनाए हैं। पोलार्ड 2010 में आईपीएल से जुड़े थे और उसके बाद से लगातार एक ही टीम मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं।
केकेआर के लिए राहत की बात यह भी है कि टीम के विस्फोटक बल्लेबाज इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस और इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बेंटन केकेआर के आईपीएल में मुंबई के खिलाफ पहले मैच से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे। केकेआर का टूर्नामेंट में पहला मुकाबला गत विजेता मुंबई से 23 सितंबर को होगा। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज चल रही है और मोर्गन, कमिंस तथा बेंटन फिलहाल इस सीरीज में खेल रहे हैं। आईपीएल के ऑस्ट्रेलियाई और इंग्लैंड के खिलाड़ी सीरीज समाप्त होने के बाद 17 सितम्बर को यूएई पहुंचेंगे।
रसेल और नारायण का आईपीएल शुरू होने से पहले टीम से जुड़ना केकेआर के लिए राहत की बात है। रसेल और नारायण केकेआर के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक हैं। रसेल ने पिछले सत्र में 56.66 के औसत से 510 रन बनाए थे और 11 विकेट झटके थे। रसेल अब तक आईपीएल में 64 मुकाबले खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 1400 रन बनाए हैं और 55 विकेट लिए हैं। नारायण गेंदबाजी के साथ-साथ बल्ले से भी केकेआर के काम आते हैं और कई बार टीम उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर भी खेलने उतार चुकी है।
नारायण ने अबतक आईपीएल में 110 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 771 रन बनाए हैं और 122 विकेट झटके हैं। आईपीएल में दो बार की विजेता केकेआर का पिछले सत्र में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और वह 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रही थी तथा प्लेऑफ में स्थान नहीं बना सकी थी। कप्तान दिनेश कार्तिक के नेतृत्व वाली केकेआर ने पिछले सत्र में 14 में से छह मुकाबले जीते थे और आठ मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था।

0 Comments
I'd love to hear your thoughts!
EmojiBe sure to check back again because i do make effort to reply to your comments here.