कभी मुंबई की गलियों पर बेचते थे गोलगप्पे, आज राजस्थान रॉयल्स ने बना दिया करोड़पति

कोलकाता में आयोजित आईपीएल 2020 के ऑक्शन के दौरान कई युवा खिलाड़ियो पर करोड़ो की बोली लगी। मुम्बई की तरफ से खेलने वाले उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को राजस्थान रॉयल्स ने मोटी रकम देकर उन्हें मालामाल कर दिया है। यशस्वी को उनके बेस प्राइज से कई गुना अधिक रकम में खरीदा गया। राजस्थान ने उन्हें अपने खेमे में शामिल करने के लिये 2 करोड़ 40 लाख रुपये की रकम अदा की।

अंडर 19 विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन से अपनी छाप छोड़ने वाले यशस्वी ने विश्व कप में बल्ले से हल्ला बोला था। इस साल घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा था। इस साल विजय हजारे ट्रॉफी में मुम्बई की ओर से खेलते हुए यशस्वी ने 1 दोहरा शतक, एवं 3 शतकों की मदद से 500 से ज्यादा रन बनाये थे। झारखंड के विरुद्ध उन्होंने इसी वर्ष 149 गेंदों में दोहरी शतकीय पारी खेली थी, और सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जमाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए थे।

यशस्वी के संघर्ष की कहानी बेहद रोचक रही है। क्रिकेट का जुनून अपने सर लिए यशस्वी ने मुम्बई की सड़कों पर गोलगप्पे और फल बेचे है। उन्होंने बताया की उनके जीवन में कुछ ऐसे भी दिन आये जब उन्हें भूखे सोना पड़ा।

यशस्वी और सचिन के बेटे अर्जुन की बेहतरीन दोस्ती थी। तब अर्जुन ने यशस्वी की मुलाकात सचिन से कराई थी। इस दौरान मास्टर ब्लास्टर ने पहली मुलाकात में उनसे प्रभावित होकर अपना बल्ला उन्हें भेंट में दिया। सचिन ने उनसे गुजारिश भी की, वह अपने डेब्यू मैच में उसी बल्ले से खेले।

Post a Comment

0 Comments